कुंदनिका शर्मा के सपा में शामिल होने के बाद आगरा ग्रामीण से सपा प्रत्याशी हेमलता दिवाकर को तोड़कर भाजपा ने भले ही हिसाब चुकता कर लिया हो लेकिन भाजपा की कई और दीवारें फिलहाल दरकने की कगार पर हैं। पार्टी के कुछ और नेता सपा के संपर्क में हैं। ऐसे तमाम नेता भाजपा पदाधिकारियों की रडार पर हैं। वे अपने सूत्रों के माध्यम से इन पर लगातार नजर रखे हुए हैं।
पिछले दिनों भाजपा ब्रजक्षेत्र उपाध्यक्ष कुंदनिका शर्मा ने सपा का दामन थाम लिया था। इसके कुछ दिनों बाद बल्केश्वर मंडल के तमाम पदाधिकारियों ने भी साइकिल की सवार कर ली। हालांकि कुछ भाजपाई कुंदनिका की घर वापसी कराने को उनके घर भी पहुंचे थे। मगर, वे नहीं मानी। भाजपाइयों के एक खेमे को यह नागवार गुजरा था। उन्होंने कुंदनिका के घर पहुंचने वाली नेता और कार्यकर्ताओं की सूची प्रदेश स्तरीय नेताओं को भेज दी। इससे पार्टी के अंदर कलह और बढ़ गई है। इधर, भाजपा पर मंडरा रहा खतरा कम नहीं हुआ है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, कुछ और नेता सपा संपर्क में हैं। किसी भी दिन पार्टी को झटका दे सकते हैं। इसमें कुंदनिका शर्मा की ही भूमिका मानी जा रही है। वहीं, पार्टी बल्केश्वर मंडल को फिर से मजबूत करने में जुट गई है।