आगरा। पार्षदों के वार्ड में जलभराव, गंदगी, स्ट्रीट लाइट और सड़कों पर गड्ढों जैसी समस्याओं के लिए नगर निगम के नोडल अधिकारी जवाबदेह होंगे। नगर आयुक्त ने हर दस वार्ड पर एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया है, जो पार्षदों से समन्वय करके जनसमस्याओं को दूर कराएंगे।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बताया कि 100 पार्षदों के लिए 10 नोडल अधिकारी तय किए गए हैं जो समन्वय के साथ समस्याओं का निदान कराएंगे। सभी नोडल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखेंगे। पार्षद स्थानीय समस्याओं से सबसे अधिक परिचित होते हैं, इसलिए उनके सुझावों और सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नोडल अधिकारियों से कहा है कि अगर कोई कर्मचारी समन्वय में बाधा खड़ी करे तो उन्हें बताएं। लोगों से समाधान के बाद फीडबैक लेते रहें।