आगरा। आगरा के हरीपर्वत क्षेत्र स्थित एक डिग्री कॉलेज की महिला असिस्टेंट प्रोफेसर ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाना हरीपर्वत में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़िता का आरोप है कि पति सालों से उसे ब्लैकमेल कर रहा था और अब 50 लाख रुपये की रंगदारी नहीं देने पर सोशल मीडिया पर बदनाम करने, नौकरी छुड़वाने की धमकी दे रहा है। आरोपी पति ने उसे पिस्टल की फोटो भेजकर जान से मारने की धमकी भी दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, उनका विवाह 24 फरवरी 1999 को मैनपुरी निवासी संजीव जी. दास के साथ ईसाई रीति-रिवाज से हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही पति ने कोई जिम्मेदारी नहीं उठाई और वह शराब पीने का आदी है उसके कई महिलाओं से उसके संबंध थे। पीड़िता ने अपने माता-पिता के सहयोग से अपनी शिक्षा पूरी की और वर्ष 2004 से नौकरी कर परिवार का भरण-पोषण किया। सितंबर 2019 में उनका चयन कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर हुआ। जिसके बाद आरोपी पति की प्रताड़ना और बढ़ गई। वह डरा-धमकाकर लगातार रुपये वसूलने लगा। 29 नवंबर 1999 को बेटी के जन्म के बाद उसके पालन-पोषण और शिक्षा का पूरा खर्च पीड़िता ने उठाया। बेटी की मेडिकल पढ़ाई का पूरा खर्च भी महिला ने अकेले ही उठाया।
दिसंबर 2025 में आरोपी ने कॉलेज पहुंचकर ऐशो-आराम के लिए रुपये मांगे और जिंदगी बर्बाद करने की धमकी दी। आरोपी पति की प्रताड़ना से परेशान महिला से परेशान होकर महिला ने आगरा में तलाक का वाद दायर कर दिया। इसके बाद आरोपी ने सोशल मीडिया पर अपमानजनक पोस्ट डालनी शुरू कर दी और मोबाइल पर पिस्टल की फोटो भेजकर 50 लाख रुपये की मांग की। रुपये नहीं देने पर नौकरी छुड़वाने, समाज और कार्यस्थल पर बदनाम करने, आत्महत्या के लिए मजबूर करने और गोली मारने की धमकी दी गई। आरोपी पहले भी धमकाकर कई बार खुद तथा रिश्तेदारों के माध्यम से बैंक खाते में रुपये जमा कराता रहा और नकद रकम भी लेता रहा।
पीडि़ता पर दबाव बनाने के लिए आरोपी ने परिवार परामर्श केंद्र, मैनपुरी में शिकायत दर्ज कराई, जिसके तहत 24 जुलाई 2026 को महिला को वहां बुलाया गया था। आरोप है कि परामर्श केंद्र से बाहर निकलते ही पति ने अपने साथियों के साथ उन्हें घेर लिया और 50 लाख रुपये की मांग दोहराते हुए जान से मारने की धमकी दी। महिला के 112 पर कॉल करने पर पुलिस के पहुंचते ही आरोपी मौके से भाग गया।
की जा रही है मामले की जांच
महिला ने पुलिस आयुक्त दीपक कुमार से शिकायत की थी। उनके निर्देश पर जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सय्यद अली अब्बास, डीसीपी सिटी