थाने का निरीक्षण करते नोडल अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
तीन दिन के दौरे पर आए आगरा जिले के नोडल अधिकारी एवं जल निगम के एमडी अनिल कुमार ने मंगलवार दोपहर 12 बजे फतेहपुर सीकरी पुलिस थाने का निरीक्षण किया। पीडब्ल्यूडी द्वारा बनवाई जा रहीं बैरक और हॉस्टल निर्माण की गुणवत्ता परखीं। गुणवत्ता की नियमित जांच व लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश जिलाधिकारी प्रभु नारायण सिंह को दिए।
नोडल अधिकारी ने थाने में समाधान रजिस्टर और दस्तावेज के रखरखाव में सुधार के निर्देश एसएसपी बबलू कुमार को दिए। थाने में आए फरियादियों से नोडल अधिकारी ने पुलिस के व्यवहार के बारे में पूछा। इसके बाद सीडीओ जे. रीभा समेत कई विभागों के अधिकारियों के साथ नोडल अधिकारी फतहपुर सीकरी से कोराई पहुंचे।
कोराई में नोडल अधिकारी ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के निर्माणाधीन छात्रावास का निरीक्षण किया। भवन का निर्माण आगामी सत्र तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। बता दें कि नोडल अधिकारी जल शक्ति मिशन के तहत जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं का भी सत्यापन करेंगे।