पानी की सप्लाई व्यवस्था में लीकेज के कारण गुरुवार को 40 हजार लोगों को पानी नहीं मिला। स्ट्रैची ब्रिज, शाहगंज और बोदला-सिकंदरा रोड पर पाइपलाइन में लीकेज के कारण 30 हजार से अधिक लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंचा। वहीं पूरी क्षमता से मोटर न चलने के कारण यमुनापार के करीब 10 हजार लोगों को पानी नहीं मिला।
सिकंदरा वाटर वर्क्स से शाहगंज जोनल पंपिंग स्टेशन के लिए मेन राइजिंग लाइन बोदला-सिकंदरा रोड होते हुए जा रही है। ये लाइन विनय नगर मोड़ के पास बोदला हॉस्पिटल के सामने दो जगह से लीक है। इसी तरह साकेत हॉस्पिटल के सामने शाहगंज में पाइपलाइन लीक है। नेहरू नगर की तरह यहां भी कभी भी सड़क धंस सकती है।
मदिया कटरा नाले के चोक हो जाने की सूचना पर नगर निगम ने ड्रेनेज एक्सपर्ट और पूर्व जेडएसओ चरन सिंह की मदद ली। उन्होंने नाले की पुलिया के अंदर जब कर्मचारियों से चेकिंग कराई तो यह नाला पूरी तरह से चोक मिला। नाले की सफाई होते ही पानी की पाइपलाइन नजर आई, जो लीक हो रही थी।
आठ इंच की पानी की पाइपलाइन इस नाले के नीचे से गुजर रही है, जिसके लीक होने का वीडियो बनाकर नगर निगम के कर्मचारियों ने जलकल को भेज दिया है। इन लीकेज के कारण पानी का प्रेशर कम रहा। इससे 30 हजार लोगों को गुरुवार को पानी नहीं मिला। उधर, जवाहरपुल पर पाइपलाइन बदले जाने और टेस्टिंग के बाद मोटर पूरी क्षमता से नहीं चलाई गई। इस कारण ऊंचे क्षेत्रों में रहने वाले दस हजार लोगों तक पानी नहीं पहुंचा। जलकल के अफसरों का कहना है कि शुक्रवार से मोटर पूरी क्षमता से चलाई जाएगी।