आगरा के फतेहाबाद थाना क्षेत्र के गांव पिन्नापुरा में शुक्रवार शाम यमुना नदी में डूबे दो बच्चों में से किशोरी का शव शनिवार को बरामद हुआ। वहीं किशोर का अब तक सुराग नहीं लग सका। शनिवार सुबह करीब 10 बजे से पीएसी के गोताखोरों और स्थानीय गोताखोरों ने स्टीमर के माध्यम से यमुना में करीब तीन किलोमीटर तक बच्चे की तलाश की, लेकिन तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी। रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
">http://
पिन्नापुरा निवासी किशनलाल का 11 वर्षीय पुत्र प्रिंस और ताराचंद की 14 वर्षीय पुत्री रूमा शुक्रवार शाम करीब चार बजे गांव की लक्ष्मी, तनु और सपना के साथ जंगल में बकरी चराने गए थे। इसी दौरान प्रिंस और रूमा यमुना नदी में नहाने लगे। तेज बहाव के कारण दोनों डूबने लगे। उन्हें बचाने के प्रयास में लक्ष्मी, तनु और सपना भी नदी में उतर गईं, लेकिन तेज बहाव के कारण तीनों भी डूबने लगीं।