अधीक्षण पुरातत्वविद डाॅ. राजकुमार पटेल ने बताया कि शाह कुली बावड़ी के पास मौजूद ताल 50 मीटर लंबा और इतना ही चौड़ा है। जिस तरह का निर्माण बुढ़िया का ताल पर किया गया है, ठीक वही तकनीक और डिजाइन सीकरी में शाह कुली ताल में इस्तेमाल की गई है।
बुढ़िया के ताल में ककैया ईंटों का प्रयोग किया गया है, बनावट सीढ़ीदार है, वहीं शाह कुली में पत्थर के खंडों से दीवार और सीढि़यों का निर्माण कराया गया है। 450 साल पुराने ताल में मिट्टी और गाद भर गई थी। कीचड़ के कारण ताल का अस्तित्व खत्म हो चुका था। प्राचीन जलप्रणाली के इस प्रारूप को एएसआई फिर से सहेज रहा है। 30 जून तक काम खत्म कर लिया जाएगा। इस पर 21 लाख रुपये की लागत आई है।
ये भी पढ़ें - श्रीकृष्ण जन्मस्थान केस: औरंगजेब ने मंदिर तोड़ने के लिए बनाई थी विशेष फौज, इस किताब में दर्ज जानें पूरी कहानी
एक भी बूंद नहीं जाती बेकार
पहाड़ी पर बनाए गए फतेहपुर सीकरी के महल परिसर में बारिश का पानी सहेजने के लिए बेहद उन्नत जल प्रणाली इस्तेमाल की गई। पंचमहल परिसर में अनूप तालाब में पूरे परिसर का पानी पहुंचता है। इसका ड्रेनेज सुखताल में और उसका ड्रेनेज शाह कुली ताल में पहुंचता है। यह तीन स्तरीय प्रणाली है। महल और दरगाह परिसर का पानी कवर्ड नालियों के जरिए भूमिगत टैंकों में पहुंचाने की व्यवस्था थी। दरगाह का पानी बुलंद दरवाजे के पास झालरा शाही तालाब और लंगरखाने में बने टैंक में पहुंचता था। यह प्रणाली अब भी काम कर रही है।