आगरा में अनफिट स्कूली वाहनों और सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर परिवहन विभाग अब सख्ती बढ़ाएगा, जिसमें जुर्माने के साथ लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई भी होगी। परिवहन आयुक्त ने बकाया कर की वसूली तेज करने और लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने के भी निर्देश दिए।
परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन ने बुधवार को आगरा आरटीओ कार्यालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की, जिसमें बकाया कर की वसूली में तेजी लाने और सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती बढ़ाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनफिट स्कूली वाहनों और नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए, साथ ही जुर्माने और लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई को भी बढ़ाया जाए।
विज्ञापन
बैठक के दौरान परिवहन आयुक्त ने राजस्व समीक्षा करते हुए बकाएदार वाहन स्वामियों से नियमानुसार कर वसूलने और लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने फिटनेस सेंटर और लाइसेंस सेंटर की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इससे पहले उन्होंने कार्यालय के विभिन्न पटलों का निरीक्षण कर अभिलेखों और नागरिक सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने और लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
विभागीय कार्रवाई एक नजर में
8669 वाहनों के चालान किए गए।
306 वाहन बंद किए गए।
28.12 करोड़ रुपये राजस्व वसूली।
1.74 करोड़ रुपये प्रशमन शुल्क वसूला।
146 स्कूली वाहनों का भौतिक सत्यापन किया गया।