लैंड बैंक की समस्या से जूझ रहा आगरा विकास प्राधिकरण अब इनर रिंग रोड के पास शहर बसाने की तैयारी कर रहा है। प्राधिकरण ने वहां जमीन को लेकर प्लानिंग शुरू कर दी है। एक टीम लगातार सर्वे कर रही है। वहीं अधिकारी जमीन के अधिग्रहण और किसानों की आपसी सहमति के विकल्पों पर मंथन में जुटे हैं।
गौरतलब है कि आगरा विकास प्राधिकरण की केदार नगर, शहीद नगर, जयपुर हाउस, शास्त्रीपुरम, ताजनगरी फेस वन और फेस दो, कालिंदी विहार आवासीय योजना हैं। इनमें से शास्त्रीपुरम और ताजनगरी फेस दो छोड़ दिया जाए तो किसी भी योजना में प्राधिकरण के पास जमीन नहीं हैं और अधिकांश योजनाएं नगर निगम को हैंडओवर भी हो चुकी हैं।
लैंड बैंक की समस्या से जूझ रहे प्राधिकरण के सामने नया संकट यह खड़ा हो गया है, कि प्राधिकरण की जमा पूंजी इनर रिंग रोड में व्यय हो चुकी है। ऐसे में आगरा विकास प्राधिकरण का अस्तित्व ही खतरे में पड़ गया है। अब प्राधिकरण के अधिकारियों को उम्मीद की किरण केवल इनर रिंग रोड से नजर आ रही है। इनर रिंग रोड के बनने से यह क्षेत्र हाट केक हो गया है। बिल्डर भी यहां निगाह जमाए बैठे हैं। ऐसे में प्राधिकरण भी यहां नया शहर बसाने की प्लानिंग में जुट गया है। प्राधिकरण के अधिकारियों की मानें तो बेहतर कनेक्टिविटी वाले इस क्षेत्र में वर्ल्ड क्लास शहर बसाया जा सकता है। प्राधिकरण की एक टीम यहां की प्लानिंग में जुट गई है।
इनर रिंग रोड के आसपास अच्छा स्कोप है। वहां आधुनिक शहर बसाया जा सकता है। इस संबंध में प्राधिकरण के स्तर पर विचार चल रहा है। बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव लाने की तैयारी है।
माला श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष विकास प्राधिकरण