मैनपुरी। एनआईसी (सूचना विज्ञान केंद्र) मैनपुरी की ओर से तैयार किया गया एम-निरीक्षण एप लेखपालों की निगरानी करेगा। इसके जरिए लेखपालों को भू-राजस्व संबंधी शिकायतों में मौके पर जाकर ऑनलाइन रिपोर्ट लगानी होगी। वहीं से फोटो और लोकेशन अपलोड करनी होगी। बिना लोकेशन के आख्या अपलोड नहीं की जा सकेगी। प्रथम चरण में इसे मैनपुरी तहसील में लागू किया जाएगा। इसके बाद अन्य तहसीलों में भी इस पर काम होगा।
भूमि संबंधी शिकायतों के निस्तारण में बिना मौके पर जाए ही फर्जी आख्या लगाने की शिकायतें लगातार आती हैं। इसी को देखते हुए एसडीएम सदर ऋषिराज की पहल पर एनआईसी मैनपुरी ने एक एप तैयार किया है। तहसील से शिकायत संबंधित लेखपाल की आईडी पर भेजी जाएगी। इसके बाद लेखपाल मौके पर जाकर शिकायत का निस्तारण करेंगे।
इस दौरान उन्हें मौके से दो फोटो और लोकेशन भी अपलोड करनी होगी। बिना फोटो और लोकेशन के आख्या नहीं लगाई जा सकेगी। साथ ही उप जिलाधिकारी एक क्लिक पर ये जान सकेंगे कि आख्या किस लोकेशन से लगाई गई है। इस एप से शिकायत निस्तारण की गुणवत्ता में सुधार होने की उम्मीद है।
वॉइस टाइपिंग की भी सुविधा
जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मयंक शर्मा ने इस एप को बनाया है। उन्होंने इसमें लेखपालों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए वॉइस टाइपिंग (बोलकर टाइप) की सुविधा भी दी है। इससे लेखपालों को हिंदी या अंग्रेजी टाइपिंग करने में समस्या नहीं होगी।
मोबाइल नंबर और ओटीपी से होगा लॉगिन
एम-निरीक्षण एप पर लेखपाल अपने मोबाइल नंबर से लॉगिन कर सकेंगे। इसके लिए एप खोलने के बाद मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। रजिस्टर्ड मोबाइल पर एप से एक ओटीपी भेजा जाएगा। इस ओटीपी को दर्ज करने के बाद लॉगिन हो जाएगा।
प्रदेश में लागू हो सकता है एम निरीक्षण एप
एनआईसी मैनपुरी ने इस एप को डिजिटल गवर्नेंस थ्रू मोबाइल एप के तहत तैयार किया है। प्रदेश के सभी जिलों ने अपने प्रोजेक्ट बनाकर भेजे थे। इसमें मैनपुरी से एम निरीक्षण एप भेजा गया है। इस एप को सूचना विज्ञान केंद्र लखनऊ से चयनित भी किया गया है। इसके सफल संचालन के बाद इसे प्रदेश में लागू करने का भी आश्वासन दिया गया है।
वर्जन
एम निरीक्षण एप से भूमि संबंधी शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता सुधरेगी। मौके पर जाकर ही लेखपाल इस एप पर रिपोर्ट लगा पाएंगे। एनआईसी प्रभारी मयंक शर्मा ने इस एप को तैयार किया है। जल्द ही इसे औपचारिक रूप से लागू कर दिया जाएगा।
-ऋषिराज, एसडीएम सदर।