मैनपुरी। मरीजों को अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन के लिए भटकना पड़ रहा है। कोई निजी अस्पतालों के चक्कर लगा रहा है तो कोई सैफई और आगरा जाकर जांच करा रहा है। जिला अस्पताल स्थित अल्ट्रासाउंड केंद्र और सीटी स्कैन मशीन तीन साल से बंद है। दस दिन पहले रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती तो हो गई, लेकिन जांच होना शुरू न हो सका। शुक्रवार को भी जिला अस्पताल पहुंचे मरीजों को निराश होकर लौटना पड़ा।
24 फरवरी को रेडियोलॉजिस्ट ने संभाला था कार्यभार
जिला अस्पताल में 24 फरवरी को डॉ. याचना शर्मा ने रेडियोलॉजिस्ट के रूप में कार्यभार संभाला था। इसके बाद भी एक भी दिन यहां अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन नहीं हुआ। प्रतिदिन यहां मरीज पहुंच रहे हैं लेकिन डॉ. याचना शर्मा उन्हें नहीं मिल रही हैं।
मरीजों हो रहे परेशान
लंबे समय से पेटदर्द की दिक्कत है। डॉक्टर ने पथरी होने की बात कही। अल्ट्रासाउंड कराने के लिए लिखा। यहां रेडियोलॉजिस्ट मौजूद नहीं हैं। किस प्रकार से जांच कराई जाए।
दिनेश चंद्र, नगला पाल
मेरे भाई की पत्नी को दिक्कत है। जिला अस्पताल के डॉक्टर ने ही अल्ट्रासाउंड के लिए लिखा है। यहां रेडियोलॉजिस्ट मौजूद नहीं हैं जिससे अल्ट्रासाउंड नहीं हो पा रहा है।
शैलेंद्र सिंह, करहल रोड
पिछले कुछ दिनों से पेट में दिक्कत है। सिर भी चकरा रहा है। डॉक्टर ने अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन के लिए लिखा है, लेकिन यहां अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन कक्ष में ताला लटका हुआ है।
रामकिशन, देवी रोड
यदि आदमी के पास खूब पैसा हो तो वो जिला अस्पताल में उपचार के लिए ही क्यों आए। जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड न होने के कारण अपने भाई के उपचार के लिए बाहर से अल्ट्रासाउंड कराना पड़ा है।
महावीर सिंह, नबादा
रेडियोलॉजिस्ट कार्यभार ग्रहण करने के बाद मेडिकल पर चली गई थीं। अब वापस आ गईं हैं, शनिवार से अल्ट्रासाउंड केंद्र खुलवाने का प्रयास किया जाएगा। शीघ्र ही सीटी स्कैन मशीन से जांच भी शुरू कराई जाएगी।
डॉ. अशोक कुमार, सीएमएस जिला अस्पताल