करहल। थाना औंछा क्षेत्र के गांव नगला कुंजन निवासी एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में इलाज के दौरान मौत हो गई। मायके पक्ष के लोग शव अंतिम संस्कार के लिए गांव कुरारी कुर्रा ले गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीओ ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। मौत का सही कारण जानने के लिए बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया है।
कुर्रा क्षेत्र के गांव कुरारी निवासी लालू ने बुधवार की सुबह पुलिस को सूचना दी कि उसने बहन रोशनी (22) की शादी 6 माह पूर्व थाना औंछा क्षेत्र के गांव नगला कुंजन अनूप कुमार के साथ की थी। बहन की मेडिकल कॉलेज सैफई में संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ करहल संतोष कुमार सिंह ने भी मृतका के परिजन से जानकारी ली। ससुराल पक्ष के लोगों ने बताया कि रोशनी फेफडों से संबंधित बीमारी के कारण 20 दिन पहले शहर के एक हॉस्पिटल में भर्ती रही थी। इसके बाद 4-5 दिन से मेडिकल कॉलेज सैफई में इलाज चल रहा था। मंगलवार की रात इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं मृतका के भाई ने ससुरालीजन की लापरवाही से मौत होने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। आरोप लगने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।