सोरोंजी। क्षेत्र के ग्राम सागरपुर में एक विवाहिता ने साड़ी के फंदे से लटकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजन मौके से फरार हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू की है। पुलिस ने विवाहिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
रीना (24) पत्नी प्रबल सिंह निवासी सागरपुर को रविवार की सुबह लगभग 11 बजे परिजनों ने कुंडे से लटका देखा। उसके गले में साड़ी का फंदा था। जब आस पास के लोगों को घटना की जानकारी हुई तो अन्य लोग भी एकत्रित हो गए। सूचना पर पुलिस भी दी गई। पुलिस के आने से पूर्व परिजन मौके से फरार हो गए। मामले की जानकारी उसके मायके एटा जनपद के निधौली कलां के ग्राम जौहरपुर में दी। उसकी मौत की जानकारी होने पर मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए। पुलिस क्षेत्राधिकारी अजीत चौहान एवं कोतवाली प्रभारी गोविंद बल्लभ शर्मा ने उसके शव को फंदे से नीचे उतरवाया।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि विवाहिता के शव का पोस्टमार्टम कराया है। अभी मामले में मायके पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।