अपने कार्यालय का निरीक्षण करते एसपी
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। नवागत एसपी अविनाश पांडेय ने बृहस्पतिवार को चार्ज लेने के साथ ही परिसर स्थित कार्यालय का निरीक्षण किया। कर्मचारियों के परिचय के साथ ही स्पष्ट कर दिया कि काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंगलवार देर शाम मैनपुरी एसपी अजय कुमार पांडेय का तबादला फिरोजाबाद हो गया और मैनपुरी एसपी की जिम्मेदारी मेरठ देहात में एसपी रहे अविनाश पांडेय को दी गई। बृहस्पतिवार सुबह नवागत एसपी कलक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय पर पहुंचे। अधीनस्थों से परिचय के साथ ही परिसर स्थित अन्य कार्यालय का निरीक्षण किया। कर्मचारियों से कार्य संबंधी जानकारी ली और स्पष्ट कर दिया कि लापरवाह लोग सुधर जाएं। काम में ढिलाई और लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
पत्रकारों से बातचीत में 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी अविनाश पांडेय ने बताया कि वह मूलरूप से लखीमपुर खीरी के रहने वाले हैं। पुलिस सेवा में आने के बाद कानपुर, बरेली, मेरठ में तैनात रह चुके हैं। वह इनकम टैक्स विभाग में इंस्पेक्टर भी रह चुके हैं। एसपी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई रहेगी। अवैध धंधे व उन्हें संरक्षण देने वाले किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे।
डाकघर में रह चुके हैं बाबू
एसपी ने बताया कि आईपीएस से पहले वह डाकघर में बाबू भी रह चुके हैं। उनका उद्देश्य पीड़ित को न्याय और अपराधी को हर हाल में सजा दिलाना है।