ताजमहल पश्चिमी गेट पर प्रस्तावित फैसिलिटी सेंटर का काम जल्द शुरू होने वाला है। सहेली बुर्ज टिकट काउंटर के सामने खाली पड़ी जगह पर सुरक्षा जांच और प्रवेश के लिए व्यवस्थाएं की जाएंगी।
यहां फिलहाल 6 टर्न स्टाइल गेट लगाए जाएंगे, लेकिन बाद में इनकी संख्या 8 तक की जा सकती है। यहां 8 डीएफएमडी के जरिये पर्यटकों की सुरक्षा जांच की जाएगी। पूर्वी गेट से पहले पश्चिमी गेट पर सेंटर का काम पूरा कर लिया जाएगा।
ताजमहल पश्चिमी गेट से पर्यटकों के प्रवेश की व्यवस्था जल्द बदल जाएगी। यहां भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) 68.80 लाख रुपये की लागत से सुरक्षा उपकरण लगाएगी। फिलहाल पर्यटकों की सुरक्षा जांच ताज के गेट के अंदर होती है, लेकिन सहेली बुर्ज टिकट काउंटर के सामने 165 वर्ग मीटर खाली जमीन पर अस्थायी शेड लगाकर टर्न स्टाइल गेट और डीएफएमडी लगाए जाएंगे।
टिकट लेने के बाद टर्न स्टाइल से प्रवेश और सुरक्षा जांच कराने के बाद पर्यटक ताज के अंदर प्रवेश करेंगे। खान ए आलम वाली जगह से स्टील रेलिंग और जाली लगाई जाएगी, ताकि कोई पर्यटक बिना सुरक्षा जांच और टिकट के इस रेलिंग के अंदर न आ सके।