नए शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए जारी कैलेंडर में 75% उपस्थिति, डिजिटल शिक्षा और स्मार्ट क्लास को अनिवार्य किया गया है। जनवरी 2027 तक पाठ्यक्रम पूरा होगा और छात्राओं की स्वच्छता, समर कैंप व कॅरिअर काउंसिलिंग पर भी विशेष जोर दिया गया है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने सत्र 2026-27 के लिए शैक्षिक कैलेंडर जारी कर दिया है। इसके तहत 1 अप्रैल 2026 से सत्र शुरू होगा और कक्षा 10 व 12 का पाठ्यक्रम 10 जनवरी 2027 तक और कक्षा 9 व 11 का 25 जनवरी 2027 तक पूरा कराया जाएगा। वार्षिक परीक्षा में बैठने के लिए न्यूनतम 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य की गई है।
विज्ञापन
संयुक्त शिक्षा निदेशक डॉ. मुकेश अग्रवाल ने बताया कि नई गाइडलाइंस के तहत विद्यालयों को अधिक अनुशासित, तकनीकी और छात्र-केंद्रित बनाया जाएगा। प्रतिदिन 15 मिनट की प्रार्थना सभा होगी, जिसमें सुविचार, मुख्य समाचार, शब्द उच्चारण और विद्यार्थियों के विचार शामिल होंगे। सप्ताह में एक दिन सभा अंग्रेजी और अन्य भाषाओं में भी होगी, जबकि मोबाइल फोन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देते हुए सभी छात्रों की ईमेल आईडी बनाना अनिवार्य किया गया है। स्मार्ट क्लास, आईसीटी आधारित शिक्षण और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के उपयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा। जीवन कौशल के दो पीरियड, एक लाइब्रेरी पीरियड तथा प्रतिदिन अंतिम पीरियड खेल, योग या व्यायाम के लिए निर्धारित रहेगा, साथ ही ध्यान भी कराया जाएगा।
विज्ञापन
छात्राओं के लिए स्वच्छता और सैनिटरी पैड की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कॅरिअर काउंसिलिंग के लिए पखवाड़े में विशेषज्ञ बुलाए जाएंगे और कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों का पंजीकरण पंख पोर्टल पर अनिवार्य होगा। जुलाई, अगस्त, अक्तूबर और नवंबर-दिसंबर में परीक्षाएं होंगी, जबकि प्री-बोर्ड व बोर्ड परीक्षाएं फरवरी 2027 में प्रस्तावित हैं। साथ ही समर कैंप, पुस्तक मेले, पॉक्सो जागरूकता, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, नशा मुक्ति और जंक फूड के दुष्प्रभावों पर कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।