-रेलवे स्टेशन पर खाली पड़ी कोविड हेल्प डेस्क
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। कोरोना संक्रमण का खतरा फिर से मंडरा रहा है। फिर भी जिले में लोग सावधानी नहीं बरत रहे हैं। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए बनाई गई हेल्प डेस्क गायब हो चुकी हैं। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर थर्मल स्क्रीनिंग तथा कोरोना जांच के लिए की गई व्यवस्था अब नहीं है। लोग न तो मास्क लगा रहे हैं और न ही सामाजिक दूरी का पालन कर रहे हैं।
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए शहर के बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर बनाई गई हेल्प डेस्क पूरी तरह गायब हो चुकी हैं। दोनों जगह यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग तक नहीं की जा रही है। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लोग गंभीरता भी नहीं बरत रहे हैं। बिना मास्क लगाए लोग एक दूसरे से सटकर खड़े हो रहे हैं। लोगों की लापरवाही उनके स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकती है।
रोडवेज बस स्टैंड पर यात्रियों की कोरोना जांच के लिए बनाई गई हेल्प डेस्क गायब हो चुकी है। यात्रियों की जांच के लिए थर्मल स्क्रीनिंग तक नहीं की जा रही है। बसों का इंतजार करने वाले यात्री एक दूसरे से सटकर खड़े होते हैं। शुक्रवार को कोरोना हेल्प डेस्क गायब थी। थर्मल स्क्रीनिंग करने वाले कर्मचारी भी बस स्टैंड से नदारद थे। यात्री भी कोरोना संक्रमण के प्रति पूरी तरह लापरवाह नजर आए।
रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की जांच के लिए बनाई गई कोरोना हेल्प डेस्क गायब हो चुकी है। शुक्रवार को रिजर्वेशन कराने के लिए लोग रेलवे स्टेशन पहुंचे। बिना मास्क लगाए लोग एक दूसरे से सटकर लाइन में खड़े हो गए। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों और आने जाने वालों के लिए थर्मल स्क्रीनिंग तक की व्यवस्था नहीं दिखी। रेलवे स्टेशन की आरक्षण खिड़की पर बैठे लिपिक खुद भी मास्क नहीं लगाए हुए थे।
बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की जांच के लिए हेल्प डेस्क संबंधित विभाग द्वारा ही बनाई जाएगी। थर्मल स्क्रीनिंग तथा कोरोना जांच के लिए दोनों स्थानों पर व्यवस्था कराई जाएगी। लोगों को खुद भी कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए मास्क लगाने के साथ ही सामाजिक दूरी का पालन करना चाहिए।
डॉक्टर पीपी सिंह, सीएमओ