आगरा में मायके से भाई दूज करके घर वापस आ रही महिला से रास्ते में अभद्रता की गई। उसके साथ मारपीट तक कर दी गई। पीड़िता ने पति को जानकारी दी। पति द्वारा विरोध करने पर दबंग पड़ोसियों ने लाठी-डंडों से उस पर भी हमला बोल दिया। ये पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।
यहां की है घटना
थाना ट्रांसयमुना के सुदामापुरी सती नगर मंडी की रहने वाली प्रेमलता पत्नी प्रेमचंद रोमसंस फैक्टरी में काम करती हैं। उनके पति जूता कारीगर हैं। भाई दूज वह अपने मायके गई हुईं थीं। शाम के समय वह अपने मायके से वापस आ रही थीं, तभी पड़ोस में रहने वाले दिनेश ने उनसे अभद्रता कर दी। महिला द्वारा जब इसका विरोध किया तो दिनेश ने उन्हें गालियां देना शुरू कर दिया। घर आकर उन्होंने पूरी बात अपने पति को बताई। पति जब इस बात की शिकायत करने पड़ोसी के घर गया, तो दिनेश ने बेटा राज कुमार, रिश्तेदार सोनू और उसके भांजे ने लाठी-डंडे, सरिया और ईंट लेकर घर में घुस आए।
ये भी पढ़ें - Agra: संदिग्ध हालत में कंपाउंडर की गई जान, मौत से पहले का वीडियो हुआ वायरल; परिजनों ने लगाया ये आरोप
जान से मारने की दी धमकी
आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से हमला बोल दिया। शोरगुल सुनकर जब महिला के परिवारीजन तथा अन्य लोग एकत्र होने लगे, तो दबंग पड़ोसी और उनके रिश्तेदार जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। घटना के बाद महिला ने थाने पर प्रार्थना पत्र दिया था। मामले में थाना प्रभारी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि प्रार्थना पत्र के आधार पर सभी लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है।