आगरा। महाविद्यालयों की लापरवाही छात्रों के भविष्य पर भारी पड़ सकती है। मार्कशीट लेने के लिए कम संख्या में महाविद्यालय के शिक्षक या कर्मचारी आ रहे हैं। उसी का नतीजा है कि दो दिन में मात्र 142 महाविद्यालय छलेसर कैंपस से मार्कशीट ले गए हैं। सोमवार को अंतिम दिन मार्कशीट का वितरण किया जाएगा। ऐसे में 400 से अधिक महाविद्यालय मार्कशीट लेने नहीं पहुंचे हैं।
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय सत्र 2025-26 के विभिन्न पाठ्यक्रमों की मार्कशीट का वितरण कर रहा है। पिछले दो दिन में मात्र 142 महाविद्यालयों के शिक्षक और कर्मचारी मार्कशीट ले गए हैं। शनिवार को 88 और रविवार को 54 महाविद्यालयों को मार्कशीट दी गई जबकि विवि से करीब 560 महाविद्यालय संबद्ध हैं।
ऐसे में 400 से अधिक महाविद्यालय मार्कशीट लेने नहीं आए। अब सोमवार को मार्कशीट वितरण का अंतिम दिन है, ऐसे में सभी महाविद्यालयों को मार्कशीट देना आसान नहीं होगा। विवि की तरफ से महाविद्यालय प्राचार्यों को मार्कशीट छात्रों को वितरित करने का निर्देश दिया गया है।
अब छात्रों को मार्कशीट नहीं मिलेगी तो वे विवि के चक्कर काटेंगे। महाविद्यालयों की यह लापरवाही छात्रों के लिए परेशानी खड़ी कर सकती है। विवि की जनसंपर्क अधिकारी पूजा सक्सेना ने बताया कि रविवार को 8350 मार्कशीट का वितरण किया गया है। अब यह मार्कशीट छात्रों को महाविद्यालय से मिल सकेगी। उन्होंने सभी महाविद्यालयों से मार्कशीट ले जाने की अपील की है।
जिम्मेदारी से बचना चाहते हैं महाविद्यालय
प्रबंधकों का आरोप है कि कई महाविद्यालय मार्कशीट वितरण की जिम्मेदारी से बचना चाहते हैं। इसकी वजह मार्कशीट वितरण के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगानी पड़ती है। छात्रों को मार्कशीट देने के लिए विवि की तरफ से कोई सहायता प्रदान नहीं की जाती है। इस वजह से कम महाविद्यालय मार्कशीट लेने आ रहे हैं। उनके मार्कशीट न लेने पर छात्रों को विवि के चक्कर काटने पड़ेंगे।