फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लापरवाही : चार हजार से ज्यादा स्ट्रीट लाइटें खराब, सड़कों पर पसरा अंधेरा

Wed, 25 Nov 2020 01:47 PM IST
Abhishek Saxena न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आगरा
विज्ञापन
आवास विकास में खुदी सड़क और बंद स्ट्रीट लाइट - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
आगरा में चार हजार से ज्यादा स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं। शाहगंज, कैलाशपुरी, दयालबाग, अवधपुरी, राजपुर चुंगी, आवास विकास कॉलोनी सहित शहर की अंदरूनी सड़कों से लेकर हाईवे तक पर अंधेरा पसरा है। यहां ज्यादातर लाइटें दिवाली से पहले से खराब हैं। ताजनगरी में 400 किमी लंबी सड़कों की खोदाई, धूल और धुएं के कारण हादसों की आशंका बनी हुई है। दिक्कत पहले भी थी लेकिन रात में कोहरा पड़ने से यह बढ़ गई है।
विज्ञापन


शहर के 100 वार्डों के पार्षदों और नगर निगम में आई शिकायतों के अनुसार ताजनगरी में 4000 से अधिक स्ट्रीट लाइटें इस समय खराब पड़ी हैं। ऊबड़-खाबड़ सड़कों पर कोहरे और अंधेरे में वाहन चलाना खतरनाक साबित हो रहा है। इन सड़कों पर चलने वालों के लिए दिसंबर और जनवरी के सर्द मौसम में कोहरे के कारण मुसीबत और बढ़ सकती है। शास्त्रीपुरम में सीवर लाइन की खोदाई के कारण हुए गड्ढों में अंधेरे में कई लोग गिर कर चोटिल हो चुके हैं। 

माल रोड पर गायब हो गईं मुगलिया डिजाइन की 70 लाइटें
माल रोड पर पिछले साल पीडब्लूडी द्वारा सड़क चौड़ीकरण के साथ मुगलिया डिजाइन के खंभों पर एलईडी लाइटें लगाई गईं थीं। कास्ट आयरन के काले खंभों वाली एलईडी लाइटें माल रोड के दोनों ओर फुटपाथ पर लगी हुई थीं, लेकिन अब प्रतापपुरा चौराहे से अग्रसेन मूर्ति के बीच 70 लाइटें यहां से गायब हो चुकी हैं और अधिकांश बंद हैं। इससे फुटपाथ पर कई जगह अंधेरा है। माल रोड पर डिवाइडर पर लगे खंभों की लाइटें भी कई जगहों पर बंद हैं।
विज्ञापन

मुगल रोड पर एलईडी चोरी का वीडियो वायरल
कमला नगर के मुगल रोड में एलईडी स्ट्रीट लाइटों को दिनदहाड़े उतारने का वीडियो वायरल हुआ है। इसमें चोर दिनदहाड़े एलईडी लाइटें चुराते नजर आ रहे हैं। सीसीटीवी कैमरे का फुटेज वायरल हुआ तो नगर निगम के अधिकारियों के साथ मेयर नवीन जैन के पास भी पहुंचा। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि कभी डिश टीवी तो कभी स्ट्रीट लाइट खराब होने का हवाला देकर चोर एलईडी लाइटों को उतारकर ले जा रहे हैं। मेयर ने बताया कि नगर निगम की एलईडी स्ट्रीट लाइटों को चोरी किया जा रहा है। कमांड सेंटर के जरिए इन पर नजर रखने को कहा गया है।

अंधेरे के कारण गड्ढे में गिरा
सीवर लाइन की खोदाई के कारण पूरी एक किमी की सड़क खराब है और इसमें गहरे गड्ढे हैं। स्ट्रीट लाइट न जलने के कारण मेरा भाई बाइक समेत गड्ढे में गिर गया। उसे चोटें आई हैं। ईईएलएल को शिकायत कर चुके हैं, पर कोई सुनता नहीं। - प्रदीप कुमार, दहतोरा मोड़

दो बार चोट लग चुकी है
अवधपुरी, नीलगिरी एन्क्लेव क्षेत्र में 30 से ज्यादा स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं। हर सड़क खराब और जलभराव के कारण पानी से भरी है। मैं दो बार अंधेरे में सड़क के गड्ढे में गिरकर घायल हो चुका हूं। दिवाली से पहले से शिकायत की हैं, पर मरम्मत अब तक नहीं हुई। - अनिल शर्मा, अवधपुरी
विज्ञापन

गड्ढे में घुसी बाइक
सीवर लाइन की खोदाई के कारण पूरी कॉलोनी में गड्ढे हैं। दिन में आफिस जाते समय सड़क ठीक मिलती है, लेकिन रात में लौटते में कौन सी गली खुद जाएगी, इसका पता नहीं। रात में स्ट्रीट लाइट बंद होने से शुक्रवार को बाइक गड्ढे में घुस गई। हाथ में चोट आई है। - राजेश बघेल, गढ़ी भदौरिया

जल्द ठीक कराएंगे लाइटें
हर वार्ड में खराब स्ट्रीट लाइटों को सुधारने के लिए अभियान चलाया जाएगा। कोहरे के कारण दिक्कत और बढ़ेगी। इसलिए प्राथमिकता पर लाइटें ठीक कराई जाएंगी। - नवीन जैन, मेयर

नहीं हुआ संपर्क
इस मामले में नगर आयुक्त से बात करने की कोशिश की गई परंतु बाहर होने के कारण उनका कॉल फारवर्डिंग पर था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें