आगरा। नगर निगम प्रशासन ने कूड़ा अलग-अलग करने के नियमों की अनदेखी करने पर बुधवार को दो निजी अस्पतालों पर जुर्माना लगाया है।
टीम ने औचक निरीक्षण में पाया कि फतेहाबाद रोड स्थित शांति मांगलिक अस्पताल और मिंटो रोड, विभव नगर स्थित रामतेज हॉस्पिटल से निकलने वाले कचरे को मानकों के अनुसार नहीं रखा गया। मिक्स कचरे के रूप में उसे निस्तारण के लिए भेज रहे हैं। ताजगंज के जोनल सेनेटरी ऑफिसर (जेडएसओ) महेंद्र सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य संस्थानों के लिए बायोमेडिकल अपशिष्ट को सुरक्षित तरीके से निस्तारित करने के निर्देश हैं।
ऐसा इसलिए है कि संक्रमण और पर्यावरणीय प्रदूषण को रोका जा सके। नियम का उल्लंघन करने पर दोनों अस्पताल प्रबंधन से जुर्माना वसूला गया। चेतावनी दी गई कि दुबारा ऐसा हुआ तो विधिक कार्रवाई की जाएगी। इसी दौरान शांति मांगलिक अस्पताल वाले क्षेत्र में संचालित मेडिकल स्टोर्स की आधा दर्जन दुकानों पर प्रतिबंधित प्लास्टिक बैग मिलने पर 22 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। संवाद