आगरा। नेवी ओशन टाइटंस ने लीग मुकाबले में गेंद और बल्ले से दमदार प्रदर्शन करते हुए पैरा कमांडोज को चार विकेट से हरा दिया। पैरा कमांडोज की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट पर 89 रन ही बना सकी। जवाब में नेवी ओशन टाइटंस ने 15.1 ओवर में छह विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
पैरा कमांडोज की ओर से अंकित निगम ने 21 गेंदों पर 15 और पंकज बघेल ने 10 गेंदों पर आठ रन बनाए। टीम के स्कोर में 24 अतिरिक्त रन का योगदान रहा। नेवी ओशन टाइटंस के गेंदबाज आरव चाहर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में महज 14 रन देकर चार विकेट झटके। अंश शर्मा ने भी चार ओवर में 14 रन देकर दो विकेट हासिल किए, जबकि वंश शर्मा को एक सफलता मिली।
90 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेवी ओशन टाइटंस की शुरुआत संभली हुई रही। मोंटी ने 21 गेंदों पर 29 रन की उपयोगी पारी खेलकर टीम को लक्ष्य की ओर बढ़ाया। इसके बाद कप्तान ओम वर्मा ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 14 गेंदों पर नाबाद 22 रन बनाए। उनकी पारी में तीन चौके शामिल रहे। ओम की कप्तानी पारी की बदौलत टीम ने 15.1 ओवर में छह विकेट पर 90 रन बनाकर चार विकेट से जीत दर्ज की।