भोगांव। जवाहर नवोदय विद्यालय में कला महोत्सव के अंतर्गत लोकगीत कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के 48 छात्र छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में चयनित छात्र छात्राएं लखनऊ में नेशनल कला उत्सव में भाग लेने जाएंगे।
जवाहर नवोदय विद्यालय में संगीत अध्यापक आशीष यादव की देख रेख में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य राजेश कुमार यादव ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर की। छात्र छात्राओं ने सामूहिक लोकगीत, कजरी, सोहर, रोपनी गीत, विवाह गीत, मिर्जापुर कजरी गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में प्रयागराज से लोक गायिका प्रीति उपाध्याय, रेणुका कुशवाह तथा सचिन गुप्ता की टीम ने भाग लिया। कार्यक्रम में नाव्या, नैना, हरसिमरत कौर, मोहिनी, सोनाक्षी, प्रतीक, ऋतिक, किशन आरजू की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
उप प्राचार्य ऋषि पाल सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में 48 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसमें से 10 छात्र छात्राएं चयनित की जाएंगी। चयनित विद्यार्थी 18 नवंबर को लखनऊ में होने वाले नेशनल कला उत्सव में भाग लेंगी। इस अवसर पर तारिक खान, एसके शर्मा, अमिता सिंह, कृति रंजन, प्रमोद कटियार आदि लोग मौजूद रहे।