मैनपुरी। नवोदय विद्यालय में छात्रा की मौत के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर भी परिजनों से सवाल खड़े किए हैं। परिजनों का आरोप है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोट का जिक्र नहीं किया गया है। परिजनों के आरोपों को एसआईटी ने गंभीरता से लिया है। इसी के तहत एसआईटी मंगलवार को पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों से पूछताछ कर चुकी है। बताया गया है कि एसआईटी ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट को क्रॉस चेक कराने का निर्णय लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार एसआईटी पोस्टमार्टम रिपोर्ट की जांच डॉक्टरों के एक्सपर्ट पैनल से कराने की तैयारी कर रही है। इसके लिए एक्सपर्ट डॉक्टरों को पोस्टमार्टम के वक्त की गई वीडियोग्राफी के फुटेज भी दिखाई जाएगी। जांच अधिकारियों का मानना है कि किसी भी खुलासे से पहले परिजनों के आरोपों की जांच करना बेहद जरूरी है। वहीं परिजनों की ओर से अभी भी कहा जा रहा है कि शव पर चोटों के निशान थे, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इनका जिक्र नहीं किया गया है।
वहीं मंगलवार को एसआईटी के सामने दिए गए बयान के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉक्टरों ने स्पष्ट कर दिया था कि शरीर पर जितनी भी चोट थी, उनका जिक्र पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरी भाषा में किया गया है। पोस्टमार्टम के वक्त कोई भी तथ्य छिपाया नहीं गया है।
दोबारा पोस्टमार्टम की हुई थी मांग
छात्रा की मौत के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए शव का पोस्टमार्टम तीन डॉक्टरों के पैनल से कराया गया था। इसके साथ ही पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी कराई गई थी। इसके बाद भी परिजनों ने दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की थी। इसके लिए परिजनों ने जिलाधिकारी से भी मुलाकात की थी। हालांकि डीएम की ओर से दोबारा पोस्टमार्टम कराने की अनुमति नहीं दी गई थी।