आगरा के एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम के हॉस्टल से राष्ट्रीय स्तर के टेबल टेनिस खिलाड़ी वंश सिंह लापता हो गए हैं। परिजनों ने एक अधिकारी और कर्मचारी पर मारपीट का आरोप लगाया है, जबकि हॉस्टल के सीसीटीवी कैमरे बंद मिले हैं और पुलिस स्मार्ट सिटी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है।
आगरा के एकलव्य स्पोटर्स स्टेडियम के हॉस्टल से टेबल टेनिस के राष्ट्रीय स्तर खिलाड़ी वंश सिंह लापता हो गए। कहीं पता न चलने पर परिजन ने पुलिस को सूचना दी। छात्रावास के कैमरे खराब मिले। पुलिस स्मार्ट सिटी के कैमरों की रिकॉर्डिंग देख रही है। परिजन हॉस्टल में मारपीट का आरोप लगा रहे हैं।
विज्ञापन
टेबल टेनिस खिलाड़ी नगला छउवा निवासी वंश सिंह के पिता शैलेश सिंह ने बताया कि उनका बेटा चार वर्षों से एकलव्य स्टेडियम के हॉस्टल में रहकर टेबल टेनिस सीख रहा है। वह अंडर 17 में राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुका है। कई पुरस्कार जीत चुका है। बड़ा बेटा ध्रुव भी राष्ट्रीय खिलाड़ी है।
बृहस्पतिवार को स्टेडियम से आरएसओ संजय शर्मा की कॉल आई। बेटे के लड़ाई करने की बात कहकर हॉस्टल से हटाने की बात कही। उन्होंने फैक्टरी में ड्यूटी पर होने के बारे में बताया और बड़े बेटे को हाॅस्टल भेजा। वहां शुक्रवार को बेटे को ले जाने की बोलकर लौटा दिया गया। शुक्रवार को सुबह वह हॉस्टल पहुंचे तो वहां सुबह 5 बजे बेटे के कहीं चले जाने की बात कही गई।
सदर थाना पुलिस से शिकायत की। जांच की तो हॉस्टल के सीसीटीवी बंद मिले। पुलिस स्मार्ट सिटी के कैमरे देख रही है। आसपास के कैमरों में बेटा जाते नहीं दिखा है। परिजन अनहोनी की आशंका से परेशान हैं। पिता का कहना है कि इतने बड़े स्टेडियम के सरकारी हॉस्टल में सीसीटीवी कैमरे बंद थे। जबकि वहां महिला खिलाड़ी भी हैं। नाबालिग खिलाड़ी आखिर हॉस्टल से बिना परिजन के कैसे चला गया। उन्हें बताया गया है कि हॉस्टल में एक अधिकारी और कर्मचारी ने बेटे को कमरे में बंद कर पिटाई की थी। वह इस बात से अवसाद में आ गया था।
बिना सूचना के गया है वंश
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा का कहना है कि वंश सुबह हॉस्टल से बिना सूचना के निकल गया है। परिजन को सूचित किया गया है। निर्माण कार्य के कारण सीसीटीवी कैमरे बंद थे। मारपीट के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। जो भी शिकायत मिलेगी उसकी जांच कराई जाएगी।
तलाश में टीम लगी
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि आरोपों की जांच की जा रही है। छात्र की तलाश में टीम को लगाया गया है। सीसीटीवी कैमरों को चेक किया गया है। स्टेडियम के कर्मियों से पूछताछ की जाएगी।