आगरा में बरेली नारकोटिक्स ड्रग एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) टीम ने नुनिहाई में ऑटो से अवैध रूप से नारकोटिक्स श्रेणी की दवाएं जब्त की हैं। कफ सिरप, नींद की दवाएं भरी हुई थीं। टीम ऑटो चालक, दो हॉकर को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। पुलिस और नारकोटिक्स विभाग की टीम ने फव्वारा बाजार में फर्म पर भी छापा मारा। वह बंद मिली। कार्रवाई अभी चल रही है।
थाना एत्माउदौला के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि बरेली एनडीपीएस की टीम ने शनिवार को नुनिहाई में नारकोटिक्स श्रेणी की दवाएं लेकर जाते ऑटो पकड़ा। इसमें कोडेक्स सीरप की 800 बोतल, एटिवन-2 एमजी की 72000 टैबलेट और प्रैक्सयो स्पास के 2400 कैप्सूल मिले।
इसमें ऑटो चालक, बेलनगंज निवासी हॉकर गौरव अग्रवाल समेत तीन को पकड़ा गया है। एक हॉकर गौरव ने पूछताछ में बताया कि वह कमला नगर निवासी गोविंद अग्रवाल की फव्वारा स्थित टेनिस फार्मा कंपनी पर काम करता है और दवाएं वहीं लेकर जा रहा था। इस पर टीम फव्वारा पहुंची तो ये दुकान बंद मिली। अभी टीम जांच कर रही है।
दो दिन से कर रही थी रेकी
बरेली नारकोटिक्स विभाग की टीम दो दिन से रेकी कर रही थी। टीम में 8-10 अधिकारी हैं। टीम के सदस्य फव्वारा और यमुनापार में रेकी करने लगी। अभी टीम यहां दो-तीन और रहेगी। अधिकारी बताते हैं कि आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
नहीं लिए जा सके दवाओं के नमूने
सहायक आयुक्त औषधि अतुल उपाध्याय ने बताया कि नारकोटिक्स विभाग की टीम ने ऑटो से नारकोटिक्स श्रेणी की दवाएं जब्त की हैं। इनके नमूने लेने के लिए औषधि निरीक्षक कपिल शर्मा को भेजा था। टीम ने अभी नमूने नहीं लेने दिए हैं, बताया है कि अभी कार्रवाई चल रही है। इसके बाद ही नमूने लिए जाएंगे।