स्थानीय निधि लेखा परीक्षा विभाग उत्तर प्रदेश, इलाहाबाद की ऑडिट रिपोर्ट में नगर निगम में लाखों रुपये की हेराफेरी पकड़ी गई है। 13 मई 2015 से 15 अक्तूबर 2016 के बीच हुए विकास कार्यों के ऑडिट में तमाम फर्जी बिलों के भुगतान सामने आए हैं। अधिकारियों ने बिना विकास कार्य हुए ही कई बिलों का भुगतान कर दिया। वहीं, कई बिल विकास कार्य की लागत के सापेक्ष से अधिक पास किए गए।
लेखा परीक्षा विभाग ने अपनी ऑडिट रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी है। इस ऑडिट में तमाम अनियमितताएं पकड़ी गई हैं। कुछ नाला निर्माण के प्रस्ताव में लंबाई कुछ और दिखाई गई और भुगतान ज्यादा का हुआ। नाले की गहराई और लंबाई में हेराफेरी कर फर्जी बिल बनाए गए। बिना साइट पर जाए सहायक एवं अधिशासी अभियंताओं ने भी इन फर्जी बिलों पर अपने हस्ताक्षर किए। शाहगंज, पृथ्वीनाथ में नाला निर्माण का ठेका तो 9.20 प्रतिशत कम पर ठेकेदार ओमवीर सिंह को दिया गया। वहीं, ताजगंज में नाली और इंटरलॉकिंग का ठेका 20.75 प्रतिशत कम पर मै. प्रशांत कुमार को दिया गया। इस ऑडिट में कई अधिकारी और कर्मचारियों की मिलीभगत पर सवाल खड़े किए गए हैं।
इन विकास कार्यों में हुआ घोटाला
. 13वें वित्त आयोग से प्राप्त अनुदान से वार्ड 43 सराय ख्वाजा किदवई नगर चौराहा से सब्जी मंडी तक नाला निर्माण में अनियमितताएं। 64,547 रुपये का अमान्य भुगतान।
. शाहगंज के वार्ड संख्या 12 पृथ्वीनाथ फाटक से ग्यासपुरा तक नाला मरम्मत के स्थान पर नाला निर्माण का प्रस्ताव। इसमें नाले की लंबाई अधिक दिखाई गई। 4,35,815 का विभिन्न मदों में अधिक एवं अमान्य भुगतान।
. हरीपर्वत जोन प्रथम कक्ष संख्या 67 गुलकनदास नगर देवेंद्र सिंह के मकान से प्रमोद शर्मा के मकान तक नाली व हाट मिक्स के कार्य में टैंक कोट से पहले बीएम (बिटुमिन मैकाडम) प्राप्त दर्शाए जाने से बीएम के लिए 2,92,233 रुपये का संदिग्ध भुगतान।
. अवस्थापना निधि से हरीपर्वत वार्ड बीरी सिंह इंटर कालेज से मयंक मेडिकल स्टोर तक नाला निर्माण/मरम्मत व इंटरलाकिंग के कार्य में 2,08,282 रुपये का संदिग्ध भुगतान व 12,101 रुपये का अमान्य भुगतान तथा रायल्टी की कटौती न किए जाने से 9059 रुपये की शासकीय राजस्व क्षति।
. 13वां वित्त आयोग से प्राप्त अनुदान से छत्ता जोन कक्ष संख्या 86 मोतीगंज बाबा ट्रांसपोर्ट के सामने क्षतिग्रस्त नाले की आरसीसी दीवार के निर्माण कार्य में 7510 रुपये का अधिक भुगतान।
. नगर निगम निधि से ताजगंज कक्ष संख्या 10 सेवला जाट में मिट्टी भरवाई कर इंटरलॉकिंग के कार्य में मिट्टी के कार्य के लिए रायल्टी की कटौती न किए जाने के कारण 5,413 रुपये की शासकीय राजस्व की क्षति।
. नगर निगम निधि से ताजगंज जोन दो कक्ष संख्या 16 भुवनेश के मकान से मलखान के मकान की ओर मार्ग पर नाली/इंटरलॉकिंग के कार्य में मैनहोल कार्य की पुष्टि पत्रावली में संलग्न फोटो से न होने के कारण मैनहोल के लिए ब्रिक वर्क कार्य में 19,457 रुपये का अमान्य भुगतान व रॉयल्टी कम दर से कटौती किए जाने से 4,100 रुपये की राजस्व हानि।
. नगर निगम निधि से ताजगंज जोन दो कक्ष संख्या 38 लक्ष्मी पैलेस में देवसिंह के मकान से राजकुमार भदौरिया के मकान तक नाली व इंटरलॉकिंग के कार्य में अतिरिक्त कार्र्टेज के लिए 63,124 रुपये का अमान्य भुगतान। रायल्टी की कटौती न किए जाने से 4,579 रुपये की राजस्व हानि।
इनका रहा कार्यकाल
. महापौर इंद्रजीत सिंह आर्य
. नगर आयुक्त दिनेश कुमार सिंह
. नगर आयुक्त इंद्रविक्रम सिंह
. मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी राजीव कुमार सिंह
. मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी हरीराम गुप्ता
. लेखाधिकारी सुदर्शन सिंह
इन ठेकेदारों को किए गए संदिग्ध भुगतान
. ओमवीर सिंह
. मै. आरएसके कंस्ट्रक्शन
. मै. आकाश दीप एसोसिएट
. मै. भारद्वाज बिल्डर्स
. मै. प्रशांत कुमार