आगरा की नगर पंचायत खेरागढ़ ने पानी की बर्बादी रोकने के लिए बोर्ड की बैठक में बड़ा फैसला लिया है। तय किया गया है कि अब कोई व्यक्ति पानी की बर्बादी करता नजर आया तो उस पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। बुधवार को नगर पंचायत अध्यक्ष शांति देवी की अध्यक्षता में हुई बैठक में घर घर तक पानी पहुंचाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी गई।
शांति देवी ने कहा कि जिस तरह से जल स्तर लगातार नीचे जा रहा है, उसे देखते हुए पानी बचाने के लिए निर्णय लेने जरूरी है। सभासदों ने इस प्रस्ताव का एक सुर में समर्थन किया। बोर्ड ने सर्वसम्मति से ही पानी बर्बाद करने वालों पर जुर्माना लगाने का प्रस्ताव पास किया।
अब कहीं सबमर्सिबल से पानी बहता मिला या गाड़ी आदि धोने में पानी का इस्तेमाल होता मिला तो नगर पंचायत ऐसे मामलों में जुर्माना लगाएगी। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष के अलावा सहायक राम गोविंद मिश्रा, सभासद महावीर सिंह, सुनील बंसल, राजेश वर्मा, उत्तम कुशवाहा आदि मौजूद रहे।