मथुरा जिले में कोरोना वायरस से बचाव के दृष्टिगत जहां प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक है तो वहीं दूसरी ओर, मुस्लिम समाज के लोगों भी घरों में नमाज अदा कर रहे हैं। वृंदावन में भी सभी प्रमुख धर्मस्थल बंद हैं। जुमे की नमाज पर भी कोई घर से बाहर नहीं निकला।
वृंदावन में शुक्रवार को मुस्लिम समाज के लोगों ने घरों में ही नमाज अदा की और कोरोना के खात्म के लिए दुआ मांगी। नगर की सभी मस्जिदें बंद रहीं। एहतियात के तौर पर इनके बाहर पुलिस का पहरा रहा।
वृंदावन कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार दुबे ने बताया कि लोगों से अपील की गई थी कि घरों में नमाज अदा करें। मस्जिदों में कोई भी नमाज पढ़ने नहीं आया है। एहतियात के तौर पर मथुरा गेट, कैलाश नगर आदि स्थानों पर चौकसी बरती जा रही है।