खंदौली में अपने विरोधियों को फंसाने के लिए ट्रक चालक ने अपनी ही हत्या का ताना-बाना बुनने के लिए दूसरे गांव के एक युवक की सिर काटकर हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों की माने तो घरवालों ने शिनाख्त के बाद अंतिम संस्कार किया। गांव के चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करा दिया, लेकिन एक गोपनीय चिट्ठी के बाद पुलिस ने छानबीन शुरू की तो परत दर परत मामला साफ होता गया। शनिवार को पुलिस को कुएं से खोपड़ी और चप्पल मिल गईं।
उस्मानपुर गांव में 18 अक्टूबर की सुबह एक युवक की सिरकटी लाश मिली थी। कपड़ों के आधार पर उसकी शिनाख्त उस्मानपुर के ट्रक चालक बबलू के रूप में परिवारीजनों ने कर ली। काफी तलाश के बाद भी सिर नहीं मिल सका था। घरवालों ने चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। हालांकि अभी आरोपी पकड़े नहीं जा सके हैं। सूत्रों ने बताया कि पुलिस छानबीन कर रही थी कि तभी एक गोपनीय पत्र ने जांच की दिशा बदल दी। इसमें बताया गया था कि जिस ट्रक चालक की हत्या का मुकदमा दर्ज है, वह जीवित है। इस पर पुलिस ने गोपनीय तरीके से पड़ताल शुरू कर दी। बताते हैं कि कस्बे के बुर्ज मिश्री के युवक के शव की शिनाख्त ट्रक चालक के रूप में कराई गई थी।
पुलिस ने शनिवार को गांव के एक कुएं में भी खोपड़ी की तलाश की। देरशाम कुएं से खोपड़ी, हाथ की हड्डी, एक जोड़ी चप्पल और कुल्हाड़ी मिल गई है। इस बारे में पुलिस ने आधिकारिक रूप से कुछ भी नहीं बताया है।