19एमएनपी-23-आरोपी मुरारी का फाइल फोटो
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। माधौनगर में एक परिवार को जलाकर मारने की कोशिश करने वाले आरोपी मुरारी के जले बालों ने बुधवार की रात हुई घटना के दौरान उसकी मौजूदगी होने का राज खोल दिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में घर में आग लगाने का अपराध कबूल करते हुए बताया कि एक झगड़े बाद उसके खिलाफ पुलिस कार्रवाई हुई। वह बदला लेना चाहता था, इसलिए वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने निशानदेही पर मिट्टी के तेल लगे कपड़े, एक रस्सी, माचिस आदि सामान बरामद किया।
गांव माधौनगर में बुधवार की रात एक परिवार को जलाकर मारने की कोशिश की गई थी। आगजनी की इस घटना में एक दो वर्षीय मासूम ऋषि की जलकर मौत हो गई थी। वहीं राजबहादुर, पत्नी सरला, बेटी रौली और शिखा गंभीर रूप से झुलस गईं। सभी का उपचार सैफई मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। पड़ोस में रहने वाले मुरारी पर आग लगाने का मुकदमा दर्ज कराया गया है। पकड़े जाने के बाद से खुद को निर्दोष बता रहे मुरारी के जले हुए बालों को देखकर पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने सच्चाई बताई। पुलिस के अनुसार उसने बताया कि पहले रामबहादुर के घर काफी आना जाना होता था, लेकिन उक्त घटना के बाद से ही आना जाना बंद हो गया था। वह मौके की तलाश में था।
बुधवार की रात उसने वारदात को अंजाम दे डाला। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मुरारी अपने झीने में रात के समय एक टिन रख देता था, लेकिन घटना वाली रात टिन झीने पर नहीं थी। वह आग लगाने के बाद हड़बड़ी में टिन को झीने पर रखना भूल गया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मिट्टी के तेल लगे कपड़े, एक रस्सी, माचिस आदि सामान बरामद कर लिया। शुक्रवार को आरोपी के कबूलनामा के साथ मेडिकल कराया। इसके बाद आरोपी को जेल भेजा गया।
एसपी ने घायलों से की मुलाकात
माधौनगर में आगजनी की घटना में घायल हुए रामकुमार उनकी पत्नी सरला, पुत्री रौली और शिखा का उपचार सैफई मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। शुक्रवार को एसपी ने सैफई पहुंचकर घायलों का हाल जाना। वहीं चिकित्सकों से कहा कि वह अच्छे से अच्छा इलाज दें।
बदले की भावना से ग्रसित होकर आरोपी ने सोची समझी साजिश के तहत आगजनी की घटना को अंजाम दिया। मेडिकल के बाद आरोपी को जेल भेजा गया है।
अजय कुमार पांडेय, एसपी