करहल (मैनपुरी)। गांव मनौना में मंगलवार की रात एक विवाहिता का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। शव को उतरवाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मायके पक्ष की ओर से पति व अन्य ससुरालीजनों पर दहेज के लिए प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
इटावा के थाना बसरेहर क्षेत्र के गांव झम्मनपुर निवासी 22 वर्षीय कुंती की शादी आठ मार्च 2018 को थाना क्षेत्र के गांव मनौना निवासी ओमकार जाटव के साथ हुई थी। मंगलवार की रात करीब 12 बजे कुंती का शव घर के कमरे में पंखा के कुंडा से लटका मिला। ससुरालीजनों की ओर से मायके पक्ष के लोगों को सूचना दी गई लेकिन जब तक पुलिस व मायके पक्ष के लोग वहां पहुंचे तब तक ससुरालीजन वहां से भाग चुके थे। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मायके पक्ष की ओर से पति ओमकार, ससुर शेर सिंह, सास मुन्नी देवी, देवर राहुल और जेठ जैकी पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने व हत्या करने का आरोप लगाया। प्रभारी निरीक्षक शिवकुमार चौहान ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।