वृंदावन (मथुरा)। महंत बाल मुकुंद शरण की हत्या की जांच वृंदावन पुलिस से मांट पुलिस को ट्रांसफर हो गई है। वृंदावन पुलिस ने इस मामले से जुड़े सभी तथ्य मांट पुलिस को सौंप दिए हैं।
गत 12 जून को अटल्ला चुंगी स्थित गोपाल बाग आश्रम के महंत बालमुकुंद शरण अपनी डस्टर कार से नगर के दो आश्रम में गए थे। इसी बीच अपहरण कर अज्ञात हत्यारों ने मांट क्षेत्र के जंगल में महंत की हत्या कर चेहरा जला दिया। ताकि उसकी पहचान न हो सके।
मांट पुलिस को 13 जून को मिले साधुवेशधारी शव की पहचान बीस दिन के बाद महंत के छोटे भाई रामवीर व भतीजा विपनेश द्वारा की गई। इस पर वृंदावन पुलिस ने इस मामले से जुड़े सभी तथ्य और रिपोर्ट मांट पुलिस को दी है। मृतक के भाई और पुलिस ने महंत के ड्राइवर उमेश पाठक और उसके साथी पर हत्या करने का शक जताया है।
कोतवाली प्रभारी संजीव कुमार का कहना है कि मामले की जांच अब मांट पुलिस करेगी। वहां धारा 302 और 201 में मुकदमा दर्ज है। जो हमें इनपुट मिलेगा वह हम मांट पुलिस से शेयर करेंगे।