फिरोजाबाद के थाना उत्तर क्षेत्र में मोबाइल फोन में लीड लगाकर तेज आवाज में बात करने का विरोध करने पर देशी शराब के ठेके की कैंटीन में दो युवकों में झगड़ा हो गया। सीसीटीवी फुटेज दिख रहा है कि पहले टैंकर चालक ने आरोपी युवक को पीट दिया था। इसके पांच मिनट बाद ही बदला लेने के लिए आरोपी घर से चाकू लेकर आ गया। इसके बाद एक के बाद उससे तीन वार किए। जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस ने हत्या करने वाले आरोपी को हिरासत में ले लिया है। मृतक के पिता ने पुरानी रंजिश में हत्या करने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
गांव ककरऊ निवासी संजय यादव (35) दूध का टैंकर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। शुक्रवार सुबह घर से करीब 10:30 बजे निकला था। इसके बाद जलेसर रोड मंडी के पास स्थित शराब के ठेके में गया था। जहां शराब का सेवन करने लगा। इस दौरान ठेके पर आया एक अन्य युवक मोबाइल फोन में लीड लगाकर तेज आवाज में किसी से बात कर रहा था। जिसका संजय ने विरोध किया।
इस पर दोनों के बीच कैंटीन में ही मारपीट हो गई। जिसे कुछ लोगाें ने शांत करा दिया। इसके बाद आरोपी वहां से चला गया। कुछ देर बाद वापस मुर्गा काटने वाला चाकू लेकर लौट आया। उसने चाकू से संजय की गोदकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई। जानकारी होने पर थाना उत्तर पुलिस मौके पर पहुंच गई। उन्होंने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। जबकि आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
एसएसपी सौरभ दीक्षित, एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस टीम ने मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए। जिसमें पूरी घटना कैद हो गई है। मृतक के भाई अंकुश यादव ने बताया कि गांव में उसका किसी से झगड़ा हो गया था। इसके बाद वह ठेके पर गया था। वह चार भाइयों में दूसरे नंबर का भाई था। गांव के ही कुछ लोगों से पुरानी रंजिश भी थी।
5 लोगों के खिलाफ पिता ने दर्ज कराई रिपोर्ट
पिता राजेंद्र यादव ने थाना पुलिस को 7 लोगों के खिलाफ हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। हालांकि सीसीटीवी में महज एक ही व्यक्ति से झगड़ा होता दिख रहा है। सीसीटीवी कैमरे के आधार पर पुलिस टीम ने कई संदिग्ध हिरासत में भी लिए हैं। जिनसे पूछताछ की जा रही है। एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि उत्तर क्षेत्र में एक युवक की हत्या तेज आवाज में बात करने का विरोध पर कर दी गई। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। कैमरे खंगाले जा रहे हैं। घटना के खुलासे के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया गया है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।