मैनपुरी। भाजपा नेता हत्याकांड के साजिशकर्ता पर एसपी की ओर से 25 हजार का इनाम घोषित किया गया है। जिंदा या मुर्दा पकड़ने वाले को यह इनाम दिया जाएगा। थाने में हिस्ट्रीशीट भी खोली गई है। एसपी ने बताया कि अपराधी किसी भी कीमत पर बचने नहीं पाएंगे।
एक जनवरी 2017 को भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मदन चौहान की एक जनवरी 2017 को उनके ही पेट्रोल पंप पर भाड़े के शूटरों ने गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। गोली लगने से एक कर्मचारी की भी मौत हो गई थी। उक्त मामले में दिवंगत बिल्लू चौहान के भाई गुड्डू चौहान निवासी गांव पीपोर थाना कुर्रा जो कि उस समय इटावा जेल में बंद था, को साजिशकर्ता बताया गया था। गुड्डू पर कई अन्य मामले भी दर्ज हैं, जिनमें भाई बिल्लू की पत्नी भावना चौहान की साजिश कर हत्या कराए जाने का मामला भी शामिल है।
एसपी अजय कुमार पांडेय ने बताया कि आपराधिक पृष्ठभूमि के चलते गुड्डू चौहान की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। वहीं जिंदा या मुर्दा पकड़ने या पकड़वाने पर 25 हजार का इनाम भी रखा गया है। एसपी ने साफ किया अपराधी चाहे कोई भी हो वह अब पुलिस से बच नहीं पाएगा। सभी थानाध्यक्षों को अपने अपने क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।