फिरोजाबाद : महिला की गला दबाकर हत्या
फिरोजाबाद । सिरसागंज के गांव कुंजपुर हवेली में विवाहिता प्रियंका (23) की गला दबाकर हत्या कर दी गई और ससुराली शव घर में छोड़कर फरार हो गए। म़तका के भाई सोमवीर ने पति समेत चार लोगों पर दहेज के लिए हत्या का केस दर्ज कराया है।
मैनपुरी के औंछा थाना क्षेत्र के गांव दलीपपुर निवासी प्रियंका का विवाह एक साल पहले सिरसागंज थाना क्षेत्र के गांव कुंजपुर हवेली निवासी आशीष कुमार के साथ हुआ था। प्रियंका के चाचा राम नारायण ने बताया कि शादी के बाद से ही उसका पति आशीष व उसके परिजन आए दिन दहेज की मांग को लेकर भतीजी को प्रताड़ित करते थे। दहेज की मांग पूरी न होने पर बृहस्पतिवार रात आशीष ने परिजन के साथ मिलकर प्रियंका की गला दबाकर हत्या कर दी। देर रात प्रियंका की मौत की खबर मिली तो परिवार के लोग कुंजपुर हवेली पहुंचे। थानाध्यक्ष सिरसागंज उदयवीर सिंह मलिक का कहना है कि महिला की हत्या की गई है।