आगरा में अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम की ओर से अभियान चलाया गया। नगर निगम के बुलडोजर को देखकर ठेल वालों में अफरातफरी मच गई। ठेल को लेकर वह भाग खड़े हुए। वहीं गंदगी फैलाने वालों पर भी कार्रवाई की गई।
आगरा में भगवान टॉकीज चौराहा और न्यू आगरा रोड पर शुक्रवार को नगर निगम के प्रवर्तन दल की टीम ने अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाया। व्यापारियों ने इसका विरोध भी किया लेकिन अभियान जारी रहा। वहीं टीम को देखकर ठेल वाले इधर-उधर भागते नजर आए। दुकानों के सामने तिरपाल और ठेला लगाने से जाम लग रहा था।
विज्ञापन
अभियान के दौरान निगम ने सड़क पर दुकान सजाने, रास्ता घेरने और गंदगी फैलाने वाले कई दुकानदारों पर जुर्माना भी लगाया। अचानक हुई कार्रवाई से बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग दुकानों के सामने से अपना सामान हटाते नजर आए। कार्रवाई के बाद कुछ ही देर में मार्ग पर जाम कम हो गया और वाहनों की आवाजाही सुचारु दिखी।
स्थानीय लोगों ने कहा कि रोजाना लगने वाले जाम से परेशानी का सामना करना पड़ता था। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा कि यातायात बाधित करने वाले किसी भी तरह के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिकायत मिलते ही प्रवर्तन टीम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। शहर में सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी चलाए जाएंगे।