आगरा नगर निगम की ओर से चलाए जा रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान बृहस्पतिवार को नगर निगम की टीम जोन चार स्थित नाई की मंडी स्थित होटल गालिब पहुंची। यहां अतिक्रमण हटाने पर व्यापारियों और निगम टीम के बीच विवाद हो गया। सूचना पर कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंच गए और कार्रवाई का विरोध करने लगे। हालात देखते हुए टीम मौके से चेतावनी देकर बैरंग लौट गई।
दरअसल, निगम की एक टीम जोनल अधिकारी अवधेश कुमार के नेतृत्व में होटल के बाहर के अतिक्रमण को हटाने पहुंची थी। कार्रवाई शुरू होते ही आसपास के व्यापारियों ने विरोध शुरू कर दिया। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष अमित सिंह साथियों के साथ पहुंच गए। उनका कहना था कि नगर निगम केवल चुनिंदा स्थानों और लोगों के खिलाफ ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रहा है, जबकि शहर के अन्य इलाकों में खुलेआम अतिक्रमण फैला हुआ है।
अमित ने मौके पर नगर आयुक्त को बुलाने की मांग की। बढ़ते विवाद और भीड़ को देखते हुए नगर निगम की टीम ने तत्काल कार्रवाई स्थगित कर दी और तीन दिन की चेतावनी देकर वहां से वापस लौट गई। प्रवर्तन दल प्रभारी डॉ. अजय कुमार सिंह ने किसी भी पक्षपातपूर्ण कार्रवाई की बात से इंकार किया। कहा कि अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस देना जरूरी नहीं है। लोगों को खुद ही सरकारी जमीन पर अतिक्रमण नहीं करना चाहिए। कहा कि यदि तय समय में अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।