ठेकेदार की मनमानी और अवैध वसूली के मामले में नगर निगम ने संजय प्लेस स्थित सभी 36 वाहन पार्किंगों को अग्रिम आदेश तक के लिए स्थगित कर दिया है। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने यह फैसला उस समय लिया जब व्यापारियों ने विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल के नेतृत्व में उनसे मुलाकात की।
विधायक ने कहा कि संजय प्लेस मार्केट में दुकान खरीदते समय आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) ने व्यापारियों को पार्किंग सुविधा देने का वादा किया था। लेकिन वर्तमान में ठेकेदारों की मनमानी वसूली, अव्यवस्था और विवाद सामने आ रहे हैं। इस पर नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि इस विषय पर नगर निगम सदन में चर्चा और एडीए अधिकारियों से विमर्श के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा। तब तक के लिए सभी पार्किंग संचालन पर रोक लगा दी गई है। नगर आयुक्त ने बताया कि संजय प्लेस में पार्किंग के बारे में लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके अलावा शहर की सभी पार्किंग स्थलों की समीक्षा कर नई और व्यवस्थित पार्किंग योजना तैयार की जाएगी।
ये भी पढ़ें - UP: चार हजार साल पहले भी श्रृंगार की शौकीन थीं महिलाएं, टीले से मिलीं ये चीजें...तस्वीरें देख रह जाएंगे हैरान
व्यवस्था में बड़े बदलाव
प्रभारी पार्किंग एवं सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम ने बताया कि अब सभी पार्किंग ठेकेदारों को सख्त नियमों का पालन करना होगा। पार्किंग पर कार्यरत प्रत्येक कर्मचारी को आईकार्ड देना अनिवार्य होगा। हर पार्किंग स्थल पर एक डिस्प्ले बोर्ड लगाना होगा, जिसमें रेट लिस्ट, समयावधि और शिकायत दर्ज कराने के लिए नगर निगम हेल्पलाइन 1533 और मोबाइल नंबर 8272854914 अंकित रहेंगे।
ये भी पढ़ें - Agra Accident: रफ्तार इतनी...बाइकों के उड़े परखच्चे, पिता-पुत्र सहित तीन की मौके पर ही मौत
लगाने होंगे सीसीटीवी कैमरे
प्रभारी पार्किंग ने बताया कि पार्किंग स्थलों पर ठेकेदार को सीसीटीवी कैमरे लगाना भी अनिवार्य होगा, जो सीधे स्मार्ट सिटी कमांड कंट्रोल सेंटर से जुड़े होंगे। इससे वहां हो रही गतिविधियों की निगरानी हो सकेगी।
निरीक्षण कर तैयार होगी रिपोर्ट
नगर आयुक्त ने प्रभारी पार्किंग को निर्देश दिए हैं कि वे शहर की अन्य सभी सक्रिय और निष्क्रिय पार्किंग स्थलों का पुनः निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार करें। नई पार्किंग के लिए उपयुक्त स्थानों की सूची भी बनाई जाए ताकि भविष्य में सुविधाएं विकसित की जा सकें।