फतेहाबाद फोटो।नगर पंचायत द्वारा खुले में डाले गए कचरे में लगी आग से उठता धुआं। इससे आसपास के क्
फतेहाबाद। नगर पंचायत फतेहाबाद द्वारा संचालित एमआरएफ सेंटर के बाहर खुले में कचरा डालने और उसमें आग लगाने का मामला सामने आया है। इसको लेकर भारतीय किसान यूनियन चौधरी चरण ने वीडियो जारी कर नगर पंचायत प्रशासन पर लापरवाही और अनदेखी का आरोप लगाया है। संगठन ने कचरा निस्तारण व्यवस्था में सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
भारतीय किसान यूनियन चौधरी चरण के जिला प्रवक्ता प्रदीप सिंह ने बताया कि नगर पंचायत की ओर से कूड़े के निस्तारण और उससे खाद बनाने के लिए एमआरएफ सेंटर स्थापित किए गए हैं, लेकिन इन सेंटरों पर ताले लटके हुए हैं। कोई कामकाज नहीं हो रहा है। आरोप है कि नगर से एकत्र किए जा रहे कचरे को खंदी में खुले में डाला जा रहा है। उसमें आग लगाकर नष्ट किया जा रहा है। इससे क्षेत्र में प्रदूषण फैल रहा है। किसानों के खेतों तक कचरा पहुंचने से उन्हें भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदीप सिंह ने चेतावनी दी कि यदि नगर पंचायत प्रशासन ने कचरा निस्तारण व्यवस्था में सुधार नहीं किया और खुले में कचरा जलाने पर रोक नहीं लगाई तो संगठन धरना-प्रदर्शन करेगा। नगर पंचायत कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा।