मेयर नवीन जैन ने मुख्यमंत्री से कहा कि अगर उद्यान विभाग से एनओसी मिल जाए तो वह पालीवाल पार्क को मैसूर पार्क की तरह बना दें जिसमें फव्वारे चलें। उन्होंने मांग रखी कि मेट्रो को जेवर एयरपोर्ट तक बढ़ाया जाए। इससे एक घंटे में जेवर एयरपोर्ट से यात्री आगरा आ सकेंगे। उन्हें दिल्ली नहीं जाना होगा।
मेट्रो से पर्यटन को लगेंगे पंख
प्रदेश के समाज कल्याण राज्यमंत्री डॉ. जीएस धर्मेश ने कहा कि मेट्रो से शहर का विकास तेजी से होगा। पर्यटन को पंख लगेंगे। उनके विधानसभा क्षेत्र छावनी में भी मेट्रो स्टेशन बनेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पौने चार साल में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे, पूर्वाचल, गंगा एक्सप्रेसवे पर तेजी से काम किया है। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नए कॉलेज खुलवाएं हैं। गरीब कन्याओं के विवाह के लिए मदद की है।
यातायात में होगी नई क्रांति-योगेन्द्र उपाध्याय
दक्षिण सीट से विधायक योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि आगरा में मेट्रो से यातायात और आवागमन व्यवस्था में नई क्रांति आएगी। मेट्रो से आर्थिक बचत, समय की बचत होगी और छात्रों को सुविधा मिलेगी। शहर को प्रदूषण से निजात मिलेगी, पर्यावरण बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि इससे पहले 9 जनवरी, 2019 पीएम मोदी ने गंगाजल का बटन दबाकर यमुना मैया के शहर में गंगा मैया का आगमन कराया था।