शिकोहाबाद के निजी अस्पताल में प्रसूता की मौत के बाद परिवारजन ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। हॉस्पिटल स्टाफ हॉस्पिटल का बैनर फाड़कर शव को बाहर निकालकर फरार हो गया। गुस्साए परिजन ने शव को एटा रोड पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाया। साथ ही शव को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद भेजा। एसीएमओ ने हॉस्पिटल को सील कर दिया।
शोभनपुर निवासी द्रौपदी (24) की आठ वर्ष पूर्व राम कुमार से शादी हुई थी। उसके पास एक बेटा शिवम (5) वर्ष है। द्रौपदी की दूसरी डिलीवरी होनी थी। परिजन ने शुक्रवार रात प्रसव पीड़ा होने पर एटा रोड स्थित एमडी हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। यह हॉस्पिटल अखिलेश नामक युवक के यहां किराए पर संचालित हो रहा था। जहां द्रौपदी ने रात में ही एक बजे करीब बच्ची को जन्म दिया। इसके बाद अचानक से प्रसूता के पेट में तेज दर्द होने लगा। परिजन के अनुसार यह दर्द उसको सुबह तक बना रहा। परिजन ने स्टाफ से पेट में हो रहे दर्द की शिकायत की। जिस पर स्टाफ ने उपचार किया, लेकिन उपचार के दौरान लापरवाही बरतने के कारण कुछ ही देर बाद प्रसूता ने दम तोड़ दिया। प्रसूता की मौत से परिजन के होश उड़ गए। यह देख हॉस्पिटल स्टाफ भी घबरा गया। आरोप है कि हॉस्पिटल के स्टाफ ने शव को जबरन बाहर निकाल दिया। इसके बाद हॉस्पिटल के बाहर लगे हुए बैनर-पोस्टर आदि को फाड़कर सारा सामान लेकर ताला लगाकर फरार हो गए। यह देख परिजन का गुस्सा बढ़ा गया। परिजन ने महिला के शव को एटा रोड पर रखकर जाम लगा दिया।
सूचना मिलने पर एसडीएम आदेश सिंह सागर, सीओ प्रवीण कुमार तिवारी, इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह एवं इंस्पेक्टर मक्खनपुर समेत काफी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया। परिजन ने फोन से डीएम-एसएसपी से भी मामले की शिकायत की। अधिकारियों के आश्वासन के बाद भी परिजन का गुस्सा शांत नहीं हुआ। जिसके चलते स्थानीय अधिकारियों ने किसी तरह उन्हें समझा-बुझाकर जाम को खुलवाया। इसके साथ ही प्राइवेट एंबुलेंस की मदद से शव को मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद भेजा। इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह ने बताया कि एटा रोड पर एक निजी हॉस्पिटल में प्रसूता की मौत हुई है। हॉस्पिटल स्टाफ घटना के बाद हॉस्पिटल का बैनर फाड़कर भाग गया था। परिजन ने शव को एटा रोड पर रखकर जाम लगाया था। जिनको समझा-बुझाकर जाम को खुलवा दिया गया है। इस मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। कार्रवाई की जा रही है।
एसीएमओ ने हॉस्पिटल को किया सील
शिकोहाबाद। निजी हॉस्पिटल में चिकित्सक की लापरवाही से प्रसूता की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. मोहम्मद फारूख अहमद भी कुछ ही देर बाद मौके पर आ गए। जिन्होंने हॉस्पिटल को सील कर दिया। उन्होंने परिजन को गैर पंजीकृत हॉस्पिटल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए जाने का आश्वासन दिया है।