नेकापुर में जमीन के विवाद में मां-बेटियों को पीटा
- कार्रवाई की मांग, पीड़ित परिजन एसपी से मिले
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। गांव नेकापुर की रहने वाली एक महिला और पुत्रियों को जमीन के विवाद में आरोपियों ने लाठी-डंडे और हथौड़े से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। रसूखदारों के खिलाफ कोई कार्रवाई न होने पर पीड़ित परिजन ने एसपी से कार्रवाई की मांग की है।
थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव नेकापुर निवासी संध्या मंगलवार को अपनी घायल बहन और मां के साथ शिकायत करने एसपी कार्यालय पहुंची। प्रार्थना पत्र में कहा है कि भाई मानिक चंद्र ने घर के पास ही एक जगह खरीदी है। उक्त जमीन के विवाद को लेकर गांव के रसूखदार मान रहे हैं। वह लोग खेत नहीं जोतने दे रहे हैं। 25 नवंबर को उनके परिजन के खिलाफ झगडे़ की झूठी शिकायत कर दी। पुलिस ने उनके भाई का शांतिभंग में चालान कर दिया। मंगलवार की सुबह भाई गोविंद खेत जोतने जा रहा था। तभी रसूखदारों ने उसे घेर कर पीटना शुरू कर दिया। भाई बच कर भागा तो आरोपी घर में घुस आए। घर में मौजूद मां को पीटना शुरू कर दिया। बचाने के दौरान उन्हें भी लाठी-डंडे और हथौड़े से वार कर घायल कर दिया। एक आरोपी ने बहन के हाथ में काट लिया। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पीड़िता संध्या ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।