सूरसदन में 652 मादक पदार्थ की दुकानों का ई-लॉटरी से आवंटन
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
नई आबकारी नीति के तहत बृहस्पतिवार को सूरसदन में 652 मादक पदार्थ की दुकानों का ई-लॉटरी से आवंटन हुआ। सबसे महंगा ठेका देशी शराब का बोदला में उठा। इससे सरकार को 6.41 करोड़ रुपये लाइसेंस फीस मिलेगी। सबसे महंगी मॉडल शॉप संजय प्लेस व फतेहाबाद रोड पर 1.21-1.21 करोड़ में उठी। जबकि सबसे महंगा भांग का ठेका बोदला में 29.35 लाख में आवंटित हुआ।
प्रमुख सचिव व्यावसायिक शिक्षा व कौशल विकास डॉ. हरिओम, उप आबकारी आयुक्त वीपी सिंह और डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी की मौजूदगी में सूरसदन में ई-लॉटरी खोली गई। जिला आबकारी अधिकारी नीरज कुमार द्विवेदी के अनुसार 653 में 652 दुकानों के लिए 2996 लोगों ने 9786 ऑनलाइन आवेदन किए थे। 266 कंपोजिट दुकानों (अंग्रेजी शराब व बीयर दोनों) के लिए 4458 आवेदन आए।
देशी शराब की 329 दुकानों के लिए 4320 और 23 मॉडल शॉप के लिए 364 व 34 भांग की दुकानों के लिए 644 आवेदन आए थे। रैंडमाइजेशन से पारदर्शी प्रक्रिया के तहत ई-लॉटरी से आवंटन हुआ है। शुक्रवार को आवंटियों को लाइसेंस आवंटन दिए जाएंगे। 12 मार्च शाम 5 बजे तक सभी आवंटियों को लाइसेंस फीस जमा करनी होगी।
बोदला में रोज 400 लीटर का कोटा
बोदला में जिस देशी शराब का ठेका 6.41 करोड़ में उठा है। वहां रोज 400 लीटर देशी शराब का कोटा है। प्रतिदिन करीब 40 पेटी की खपत है। एक पेटी में 200 एमएल के 50 पौव्वा होते हैं। सबसे सस्ती शराब दुकान बेलईपुरा गांव में 12.10 लाख में आवंटित की गई। सबसे सस्ती कंपोजिट दुकान इधौन मार्ग, पुरा छतरिया में 23 लाख रुपये में उठी है।