किरावली मृतक गुड्डू सविता का फाइल फोटो स्रोत स्वजन
किरावली (आगरा)। जयपुर हाईवे पर किसी वाहन की टक्कर लगने से फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के तेहरा गांव के रहने वाले मोपेड सवार की जान चली गई। साथी घायल हो गया। जिन्हें पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के मुताबिक फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र के गांव मंडी गुड निवासी गुड्डू सविता और महावीर शर्मा निवासी तेहरा मंगलवार को मोपेड से एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नदवई जा रहे थे। जयपुर हाईवे पर भरतपुर जिले के थाना लखनपुर के गांव बहुआ के नगला के पास किसी वाहन ने मोपेड में टक्कर मार दी। हादसे में महावीर छिटककर दूर जा गिरे, जबकि गुड्डू सविता (55) वाहन की चपेट में आकर घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची थाना लखनपुर पुलिस उन्हें भरतपुर जिला अस्पताल लेकर गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजन के मुताबिक चार बच्चे हैं। बड़ा लड़का सोनू (21) अहमदाबाद में नौकरी करता है। जबकि छोटा बेटा अंकित गांव में ही काम करता है। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। हादसे में मौत से पत्नी मुन्नी देवी की रो-रोकर हालत खराब है। थाना प्रभारी लखनपुर ने बताया कि टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।