बंदरों के उत्पात से फिलहाल राहत मिलती नजर नहीं आ रही। नगर पालिका पहले ही वन विभाग के ऊपर जिम्मा डालकर अपना पल्ला झाड़ चुकी है। अब वन विभाग ने भी हाथ खड़े कर दिए हैं। वन विभाग ने लिखित में कहा कि उनके पास बंदर पकड़ने के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। जनता को निजी खर्च पर पेशेवर लोगों से बंदर पकड़वाने की सलाह दी है।
शहर के छह से अधिक मोहल्ले के लोग बंदरों के उत्पात से परेशान हैं। एक व्यक्ति ने ऑनालइन आईजीआरएस पर बंदरों को पकड़वाने के लिए शिकायत की थी। ये शिकायत वन विभाग को भेज दी गई लेकिन इसमें लगाई गई रिपोर्ट ने सभी को हैरान कर दिया।
वन विभाग के अधिकारियों ने अपनी रिपोर्ट में साफ लिखा है कि वे बंदरों को पकड़वाने में असमर्थ हैं। क्योंकि उनके पास कोई प्रशिक्षित टीम नहीं है। ऐसे में उन्होंने कुछ निजी लोगों के नाम भी सुझाएं हैं। ये वे लोग हैं जो निजी खर्च पर बंदर पकड़ने का काम करते हैं। उनसे संपर्क कर बंदर पकड़वाने की बात कही गई है। ऐसे में फिर आगरा रोड स्थित राजीव गांधी नगर, कृष्णा नगर, बाईपास रोड, नगला दौलत, सिंधिया तिराहा आदि कॉलोनियों के लोगों को झटका लगा है।