कासगंज के सोरों में मार्गशीर्ष मेला शुरू हो चुका है। तीर्थनगरी के वार्षिक अमृत कुंभ का पहला स्नानपर्व आज है। भगवान वराह की मोक्ष स्थली में स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी है। श्रद्धालुओं ने शनिवार शाम से ही डेरा डाल दिया था।
एकादशी पर्व पर सोरों में करीब एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं से आने की संभावना है। मेले में लोगों की भीड़ पहुंच रही है। एकादशी पर्व पर गंगा स्नान को लेकर शनिवार को ही राजस्थान, मध्यप्रदेश सहित कई प्रांतों के श्रद्धालु पहुंच गए थे।
रविवार भोर से ही हरिपदी गंगा में स्नान का सिलसिला शुरू हो गया है। कड़ाके भी सर्दी भी श्रद्धालुओं की आस्था को नहीं डिगा पाई है। गंगा के घाटों पर श्रद्धालु हर हर गंगे के जयकारे लगाकर आस्था की डुबकी लगा रहे हैं।