आगरा फोर्ट रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे एक व्यक्ति का मोबाइल यात्री बनकर आए युवक ने पार कर दिया। कुछ ही देर में यूपीआई खाते से 50 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर ली। पीड़ित ने रकाबगंज थाने में शिकायत की। बाद में साइबर सेल ने जांच की। जांच पूरी होने में 1 साल लग गए। अब केस दर्ज किया गया है।
सिकंदरा निवासी सुधीर कुमार ने केस दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि वह 9 जुलाई 2024 को आवश्यक कार्य से कानपुर जाने के लिए फोर्ट स्टेशन पहुंचे थे। ट्रेन का इंतजार करते समय एक युवक आया। वह ट्रेन का समय पूछने लगा। वह उस समय अपने मोबाइल पर खाता चेक कर रहे थे।
मोबाइल जेब में रखने के बाद उन्होंने युवक से कहा कि उन्हें जानकारी नहीं है। इस पर वो वहां से चला गया। जब जेब में हाथ डाला तो मोबाइल गायब था। काफी तलाशने पर भी नहीं मिला। कुछ देर बाद मोबाइल पर चालू यूपीआई खाता बंद कराने के लिए एक परिचित के मोबाइल से कस्टमर केयर पर काॅल किया। मगर तब तक खाते से 50 हजार रुपये कट गए थे।
उन्होंने तुरंत रकाबगंज थाने में शिकायत की। पुलिस ने साइबर सेल को शिकायत करने के लिए कहा। साइबर सेल की जांच में मथुरा के व्यक्ति के खाते में रुपये भेजने की पुष्टि हुई है। तब केस दर्ज किया गया है। डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।