मैनपुरी। कोतवाली क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों की सक्रियता लगातार बढ़ती जा रही है। अलग-अलग स्थानों पर बदमाशों द्वारा दो युवकों से मोबाइल छीन लिया गया। पीड़ितों ने कोतवाली में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की।
कोतवाली क्षेत्र के बालाजी पुरम निवासी विवेक यादव 19 अप्रैल को आश्रम रोड से होता हुआ घर आ रहा था। तभी रास्ते में बाइक सवार बदमाश झपट्टा मारकर उसका मोबाइल छीन ले गए। जब कोतवाली में तहरीर दी तो वहां मोबाइल गिरने का प्रार्थना पत्र देने की बात कही गई। एक सप्ताह बीतने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है। वहीं, कोतवाली क्षेत्र के गांव तांबेपुर निवासी अंश कुमार 22 अप्रैल की शाम कुरावली रोड पर जा रहा था, तभी बाइक सवार बदमाश उसका मोबाइल छीन ले गए। उसके द्वारा भी कोतवाली में तहरीर दी गई। लेकिन अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। इंस्पेक्टर कोतवाली अरविंद कुमार ने बताया कि घटनाएं उनके संज्ञान में नहीं हैं, यदि तहरीर मिलेगी तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।