आगरा के थाना सदर क्षेत्र के एक महाविद्यालय की छात्राओं को ब्लैकमेल किया जा रहा है। शिक्षिका की डीपी लगाकर बनाए गए व्हाट्सएप नंबर से पहले छात्राओं को मैसेज किए गए। ओटीपी पूछकर मोबाइल हैक कर लिया। इसके बाद अश्लील फोटो, वीडियो और मैसेज भेजकर परेशान किया जा रहा है। चैट वायरल करने की धमकी दी गई है। इससे छात्राएं दहशत में हैं। मामले में शिक्षिका ने मुकदमा दर्ज कराया है।
डीसीपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि महिलाओं की शिकायत सुनने के लिए हर थाने में महिला हेल्प डेस्क हैं। इन पर महिला पुलिसकर्मी तैनात की गई हैं। अगर, पीड़ित महिला थाने नहीं आ सकती हैं तो 112, 1090 पर काल कर शिकायत करें। पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी। 1090 पर काल करने पर महिला पुलिसकर्मी ही शिकायत सुनेंगी।
छात्राओं ने अपनी शिक्षिका से कहा है कि उन्होंने जो चैटिंग की है, वह हैकर ने ले ली है। इससे वो उन्हें ब्लैकमेल कर रहा है। उन्हें डर है कि वो चैटिंग वायरल कर सकता है। इससे उन्हें बदनाम किया जा सकता है। छात्राएं इतनी दहशत में हैं कि महाविद्यालय भी नहीं आ पा रही हैं। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शहर में यह कोई पहला मामला नहीं है। साइबर अपराधी लोगों की फोटो लगाकर व्हाटसएप नंबर बनाते हैं। इसके बाद लोगों को मैसेज भेजकर रुपयों की मांग की जाती है। कई बार लोग रुपये ट्रांसफर कर देते हैं। इस तरह से ठगी का शिकार हो जाते हैं। महाविद्यालय की छात्राओं को भी शिक्षिका का फोटो लगे नंबर से ही मैसेज किए गए थे।